पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की आठवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, डॉ. उदय प्रताप व राकेश चतुर्वेदी ने दी श्रद्धांजलि
संतकबीरनगर। प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेवी स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की आठवीं पुण्यतिथि पर भिटहा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संतकबीरनगर, बस्ती सहित पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा में सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, नाथनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे सहित चतुर्वेदी परिवार के सदस्यों, शिक्षाविदों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान उनके शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम माना और अपना जीवन इसी उद्देश्य के लिए समर्पित किया।
पुण्यतिथि पर चतुर्वेदी परिवार की ओर से सेवा कार्य भी किए गए। गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कपड़े एवं अंगवस्त्र वितरित किए गए। साथ ही जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सहायता मिलने पर लोगों ने परिवार के प्रति आभार जताया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि उनके विचार, शिक्षा के प्रति समर्पण और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।