Lसेक्टर-14 में मेडिकल स्टोर में लगी भीषण आग, 10 मिनट में दुकान जलकर खाक, फायर ब्रिगेड के करीब एक घंटे की देरी से पहुंचने का आरोप, आग बुझाने के संसाधनों को लेकर भी उठे सवाल
उदयपुर। सेक्टर-14 स्थित राजस्थान हॉस्पिटल रोड पर सोनल केमिस्ट मेडिकल स्टोर में बुधवार रात करीब 1 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और महज करीब 10 मिनट में दुकान का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
दुकान संचालक के अनुसार आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन आरोप है कि दमकल वाहन करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचा, जिसके चलते दुकान में रखा मेडिकल का सामान और अन्य सामग्री बड़े पैमाने पर जल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय पर दमकल नहीं पहुंचने से नुकसान बढ़ गया। वहीं संबंधित थाने में आग बुझाने के लिए छोटे-मोटे प्राथमिक संसाधन तक उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने समय पर दमकल पहुंचने और पुलिस-प्रशासन के पास प्राथमिक अग्निशमन संसाधन उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।