मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 8 एवं 9 अक्टूबर को 1035 मतदान केन्द्रों पर लगेंगे विशेष शिविर
====
पात्र मतदाताओं, नवीन मतदाताओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया जारी
===
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों जैतपुर, जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी के 1035 मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं, नवीन मतदाताओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मतदान केन्द्र स्तर पर आयोजित इन शिविरों में बीएलओ द्वारा पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र में पात्र मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संबंधित आरओ एवं एआरओ द्वारा शिविरों तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है।
घोषणा पत्र भरने की आवश्यकता नहीं
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किसी प्रकार का घोषणा पत्र भरने की आवश्यकता नहीं है। पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
महाविद्यालयों में भी लगाए जा रहे शिविर
नवीन युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए महाविद्यालयों में भी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। महाविद्यालयों में आयोजित शिविरों में युवाओं में मतदाता बनने को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। छात्र-छात्राएं मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि 8 एवं 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविरों का प्रभावी ढंग से संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर मिले।
#शहडोल #shahdol Chief Electoral Officer Madhya Pradesh Election Commission of India
1 views | Shahdol, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026