भरमौर के लहाल ढांक में मारुति वैन की ब्रेक फेल, बड़ा हादसा टला; नौ लोग थे सवार, दो गंभीर घायल।
भरमौर क्षेत्र के लहाल ढांक में प्रथम कैलाश दर्शन के समीप आज को एक मारुति वैन की अचानक ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हादसे के समय वैन में बच्चों और बड़ों समेत कुल नौ लोग सवार थे। घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह तहसील के सेरी गांव निवासी एक परिवार अपने बच्चे के मुंडन कार्यक्रम के लिए भरमौर के प्रसिद्ध चौरासी मंदिर परिसर आया था। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार के सदस्य मारुति वैन में सवार होकर वापस जा रहे थे। इसी दौरान लहाल ढांक में प्रथम कैलाश दर्शन के समीप अचानक वाहन की ब्रेक फेल हो गई।
ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान वैन अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक की कोशिशों के चलते वाहन किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। अन्य सवारों को भी चोटें आने की जानकारी है।
हादसे में शामिल मारुति वैन का नंबर JK-06A-3241 बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वाहन में सवार बच्चों समेत सभी नौ लोगों की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।