सासाराम में पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर एटीएम चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सासाराम। गौरक्षणी स्थित पुलिस टीओपी से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने आईडीबीआई बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी चोरी कर ली। घटना रविवार रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश अपराधी वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने गैस कटर की मदद से एटीएम को काटा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस चौकी के इतने करीब हुई इस घटना से इलाके की सुरक्षा और रात की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की विधि विज्ञान प्रयोगशाला के माध्यम से जांच कराई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।