सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ने वाराणसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम
रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोलन टोला गांव के समीप भोजपुर रजवाहा नहर पुल के पास सड़क दुर्घटना में घायल संझौली थाना क्षेत्र के सुसाढ़ी गांव निवासी कन्हैया सेठ की देर रात वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कन्हैया सेठ अपनी लूना गाड़ी से सूर्यपुरा स्थित ससुराल मेला देखने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ढोलन टोला नहर पुल के पास उनकी गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल, बिक्रमगंज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि सूर्यपुरा निवासी विजय सेठ (साईकिल दुकान) घर कन्हैया सेठ का ससुराल है। मेला देखने के लिए ससुराल आने के दौरान हुए हादसे में उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।