आय से अधिक संपत्ति का बड़ा मामला: BSEB के डिप्टी डायरेक्टर के पटना-बेगूसराय ठिकानों पर EOU की रेड, लाखों की नकदी और करोड़ों के निवेश के दस्तावेज बरामद
बेगूसराय। बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीम ने गुरुवार सुबह पटना और बेगूसराय स्थित उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान नकदी, आभूषण और संपत्ति एवं निवेश से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, EOU की करीब 15 सदस्यीय टीम ने पटना के खाजपुरा स्थित आकाशवाणी रोड के चंद्रतारा भवन में अजय कुमार सिंह के आवास पर तलाशी ली। वहीं बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर भी पुलिस बल के साथ टीम पहुंची। इसके अलावा उनके भाई धर्मेंद्र सिंह से जुड़े पचवीर स्थित बालू-सीमेंट दुकान पर भी जांच की गई।
पटना से 30 लाख, बेगूसराय से 4.50 लाख रुपये मिलने का दावा
छापेमारी के दौरान पटना स्थित आवास से करीब 30 लाख रुपये नकद मिलने की बात सामने आई है। वहीं बेगूसराय स्थित पैतृक घर से करीब 4.50 लाख रुपये नकद बरामद किए जाने की जानकारी है। टीम को महंगे आभूषण, जमीन-जायदाद से जुड़े कागजात और करोड़ों रुपये के निवेश से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।
EOU के अनुसार, दोनों शहरों में तलाशी के दौरान करीब 10 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज सामने आए हैं। हालांकि, बरामदगी और संपत्तियों के अंतिम मूल्यांकन की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
आय से 90 फीसदी से ज्यादा अधिक संपत्ति का आरोप
EOU की कार्रवाई एक ऐसे मामले में हुई है, जिसमें अजय कुमार सिंह पर अपनी ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में करीब 90.04 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक, उन पर करीब 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के संशोधित प्रावधानों के तहत धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) में दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
EOU की टीम ने पटना और बेगूसराय में एक साथ तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। पटना स्थित आवास के बेसमेंट और पार्किंग समेत घर के विभिन्न हिस्सों की जांच की गई। वहीं बेगूसराय के पैतृक आवास और उनके भाई से जुड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान पर भी दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्थानीय पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। बेगूसराय के परोरा गांव में कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा कारणों से किसी को भी छापेमारी स्थल के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी।
EOU की कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों से मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक/दस्तावेजी सामग्री भी जांच के लिए लिए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल EOU की तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद नकदी, आभूषण, संपत्ति के कागजात और निवेश से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#BreakingNews #EOU #EOURaid #Begusarai #BegusaraiHindiNews #HindiNews #hindinewsindia #hindinewslive #hindinewschannel