जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय डाक बंगला मऊ, निर्माणाधीन रजिस्ट्री कार्यालय, रामलीला मैदान एवं सोनार गली में नाला निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा विकासखंड मऊ स्थित प्राथमिक विद्यालय डाक बंगला, पुरानी तहसील के पास निर्माणाधीन रजिस्ट्री कार्यालय, रामलीला मैदान तथा सोनार गली में निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय डाक बंगला मऊ का निरीक्षण
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय डाक बंगला मऊ का निरीक्षण करते हुए विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत कराकर उसे दुरुस्त कराया जाए। साथ ही, विद्यालय परिसर में पड़े मलबे को तत्काल हटवाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे बच्चों को खेलने के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सके। उन्होंने विद्यालय की बाउंड्री के किनारे फूलदार एवं सजावटी पौधों का रोपण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाया जा सके।
निर्माणाधीन रजिस्ट्री कार्यालय का निरीक्षण
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने पुरानी तहसील के पास निर्माणाधीन रजिस्ट्री कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, कार्यालय की बाउंड्रीवाल के किनारे वृक्षारोपण कराकर परिसर को हरा-भरा एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए।
रामलीला मैदान का निरीक्षण
जिलाधिकारी ने रामलीला मैदान का निरीक्षण करते हुए परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदान एवं उसके आसपास आवश्यक पेंटिंग तथा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाए, जिससे स्थल स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक दिखाई दे।
सोनार गली में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने सोनार गली में निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाला निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके तथा आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न किया जाए और कार्य की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रत्यूष कटियार, उपजिलाधिकारी मऊ आर आर रमन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे