गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत मुरैना में चला हस्ताक्षर अभियान, श्रद्धालुओं ने दर्ज कराया समर्थन
मुरैना। देशभर में चलाए जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत मुरैना के आनंदी महल में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा स्थल पर गौसेवकों द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कथा में शामिल श्रद्धालुओं और श्रोताओं ने हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन एवं सहभागिता दर्ज कराई।
गौसेवकों ने श्रद्धालुओं को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि गौमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 4 दिसंबर को दोपहर 12 बजे मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से गौभक्त भोपाल के जंबूरी मैदान में एकत्रित होंगे और मुख्य सचिव को अपनी मांगों से संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपेंगे।
अभियान से जुड़ने के इच्छुक लोग 9067777323 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर अपना समर्थन दर्ज करा सकते हैं। गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के लिए किसी भी प्रकार का दान या चंदा नहीं लिया जा रहा है। अभियान जनसहभागिता और जनसमर्थन के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
अभियान की प्रमुख मांगें
- संपूर्ण भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
- गौमाता को राष्ट्रमाता अथवा राष्ट्र आराध्य का संवैधानिक सम्मान प्रदान किया जाए।
- गौसेवा के लिए केंद्रीय कानून लागू करने के साथ केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन किया जाए।
- देशभर में देशी गौवंश की सेवा एवं संरक्षण के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- गौचर बोर्ड का गठन और चारा सुरक्षा नीति लागू की जाए।
- गौ आधारित कृषि को बढ़ावा दिया जाए।
- पंचगव्य उत्पादों के निर्माण एवं विपणन को प्रोत्साहित किया जाए।
- शिक्षा में गौ महात्म्य को स्थान दिया जाए।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान गौसेवक रुद्रप्रताप सिंह, आकाश बंसल, ब्रजकिशोर उपाध्याय, कल्ला यादव सहित बड़ी संख्या में गौभक्त मौजूद रहे।