चंबल में अवैध रेत खनन पर पुलिस-वन विभाग की सख्ती, SP और DFO ने नाकों का किया निरीक्षण
मुरैना। चंबल नदी से रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए मुरैना पुलिस और वन विभाग ने निगरानी और चैकिंग व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना एवं वनमंडलाधिकारी हरीशचन्द्र बघेल ने 2 अक्टूबर को जिले में स्थापित स्थायी एवं अस्थायी नाकों का निरीक्षण किया।
SP और DFO ने सराय का पुरा, मेथाना, महचंदपुर, मृगपुरा, सिकरोदा नहर और वन चौकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर चैकिंग व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने नाकों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी, सतर्कता तथा संदिग्ध वाहनों की जांच व्यवस्था को बारीकी से देखा।
रात में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को निर्देश दिए कि चंबल नदी के घाटों से निकलने वाले संभावित रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाए। रात्रि के समय संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
रेत परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच के साथ उनके दस्तावेज और परिवहन की वैध अनुमति की जांच करने को कहा गया। किसी तरह की अनियमितता मिलने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
SP ने नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। संदिग्ध वाहन या अवैध रेत उत्खनन-परिवहन से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया।
इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों और रेत परिवहन के संभावित मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग और आकस्मिक चैकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध रेत परिवहन पर लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि चंबल नदी से होने वाले अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थायी एवं अस्थायी नाकों के माध्यम से विशेष रूप से रात्रिकालीन निगरानी और चैकिंग अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#मुरैना #morena #रेत #चंबल