सात दिवसीय स्काउट गाइड्स प्रशिक्षण शिविर का ग्रैंड कैंप फायर के साथ हुआ समापन
हाइक के दौरान बिना बर्तन के भोजन बनाने और टेंट पिच करने के कौशल का किया प्रदर्शन
स्काउट गाइड्स में सीखा अनुशासन का पाठ ताउम्र काम आता है- कुलगुरु प्रो.त्रिपाठी
===================================
जिला स्तरीय बेसिक स्काउट मास्टर, बेसिक गाइड कैप्टन, बेसिक रोवर लीडर एवं बेसिक रेंजर लीडर का विशेष सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक बी.टी.आई. परिसर स्थित भारत स्काउट गाइड प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित किया गया। शिविर का समापन आज ग्रैंड कैंप फायर के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजा शंकरशाह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर आई.पी. त्रिपाठी उपस्थित थे। कार्यक्रम में सहायक संचालक शिक्षा श्री पी.एल. मेश्राम, भारत स्काउट गाइड जिला संघ अध्यक्ष श्री विनोद तिवारी एवं सी.आई.आई. की प्रशिक्षिका सुश्री मनीषा यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थी। समापन समारोह में जिला संघ के उपाध्यक्ष श्री अखिलेश चौहान, डीओसी स्काउट श्री नरेंद्र शर्मा, डीओसी गाइड श्रीमती अर्चना भारत सहित विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षकगण एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
समापन समारोह की शुरुआत ग्रैंड कैंप फायर के साथ हुई, जिसमें स्काउट्स एवं गाइडर्स द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा बाहर से आए कैंप के संचालक मंडलों का शिविर की ओर से शॉल एवं श्रीफल देकर स्वागत किया गया।
शिविर प्रभारी ने अपने शिविर प्रतिवेदन में बताया कि भारत स्काउट गाइड जिला संघ छिंदवाड़ा के वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार तथा राज्य मुख्य आयुक्त श्री अशोक अर्गल एवं राज्य सचिव भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मध्यप्रदेश डॉ. धीरेंद्र कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार, जिला संघ छिंदवाड़ा के वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. ईडपाचे एवं पदेन जिला कमिश्नर स्काउट छिंदवाड़ा तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा श्री सतेन्द्र मरकाम के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर लीडर एवं रेंजर लीडर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
जिला स्तरीय आयोजित शिविर में भोपाल से श्रीमती अनुभूति सिंह, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त गाइड द्वारा शिविर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। शिविर में बेसिक स्काउट के 72 स्काउट मास्टर, बेसिक गाइड कैप्टन के 56, बेसिक रोवर लीडर के 16 एवं बेसिक रेंजर लीडर के 12 प्रशिक्षणार्थियों सहित कुल 156 स्काउट्स एवं गाइडर्स उपस्थित थे।
स्काउट मास्टर शिविर का संचालन बैतूल से श्री सी.के. गाडगे ने किया। सहायक के रूप में डीओसी स्काउट श्री नरेंद्र कुमार शर्मा, श्री अजय कुमार धुर्वे, श्री के.के. पाठे तथा अतिथि प्रशिक्षक के रूप में श्री एम.एस. कुरैशी रहे। रोवर लीडर बेसिक शिविर का संचालन डीओसी शिवपुरी श्री मुकेश कुशवाह ने किया, जबकि सहयोगी के रूप में डीओसी टीकमगढ़ श्री मुंशी अहिरवार रहे। गाइड कैप्टन शिविर का संचालन श्रीमती एस.बी. कुरैशी, श्रीमती रिजवाना परवीन, श्रीमती ममता पटले एवं श्रीमती अंजू राजपूत ने किया। रेंजर लीडर शिविर का संचालन श्रीमती प्रतिभा जैन, डीओसी श्रीमती अर्चना भारत, श्री अजय धुर्वे एवं श्री राजेंद्र सोनी द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्काउट गाइड शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय हाइक का आयोजन कराया गया। इसमें स्काउट्स एवं गाइडर्स द्वारा बिना बर्तन के भोजन बनाया गया तथा टेंट पिच किए गए।
अपने उद्बोधन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो. इंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि स्काउट गाइड अनुशासन के लिए पहचानी जाती है और यह अनुशासन सभी प्रशिक्षणार्थियों में दिखाई भी दे रहा है। अनुशासन में रहकर कम संसाधनों एवं विपरीत परिस्थितियों में अपनी सूझबूझ से प्रभावी तरीके से कार्य में सफलता प्राप्त करना स्काउट गाइड से सीखना चाहिए। सात दिवसीय कैंप में प्रशिक्षक मंडल द्वारा सिखाई गई तमाम सीख जीवन में ताउम्र काम आएगी। जब कभी आपका विश्वास डगमगाए तो आप शिविर के इन दिनों को याद करें, आपके भीतर नई ऊर्जा का संवर्धन हो जाएगा।
स्काउट गाइड्स जिला संघ अध्यक्ष श्री विनोद तिवारी ने कहा कि स्काउट गाइड को ज्वाइन करने और यह वर्दी धारण करने से देश सेवा की अलख जागृत हो जाती है। जब आप इस तरह के कैंप में प्रशिक्षित होकर अपने-अपने स्कूलों में लौटते हैं तो अपने आपमें नया कॉन्फिडेंस उत्पन्न हो जाता है और आप बच्चों को अनुशासन में रहकर समाजसेवा एवं देशसेवा करने का संदेश दे पाते हैं। साहसिक गतिविधियों में ट्रैकिंग, हाइक जैसे इवेंट से विपरीत परिस्थितियों में निर्णायक भूमिका निभाने की क्षमता और मजबूत होती है।
इस अवसर पर सहायक संचालक श्री मेश्राम, सुश्री मनीषा यादव, श्री अखिलेश चौहान सहित सभी अतिथियों ने भी मार्गदर्शन दिया एवं शिविर की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम का समापन स्काउट गाइड गीत के साथ हुआ। अंत में आभार प्रदर्शन जिला सचिव श्री राजेंद्र सरबरे एवं श्री मनीष जैन ने किया। कार्यक्रम का संचालन श्री राजेंद्र सोनी ने किया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh