किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने हेतु कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी को बढ़ावा दे रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने अशोकनगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया
--
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कृषक कल्याण वर्ष में प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध एवं सशक्तिकरण के लिए कृषि के साथ पशुपालन और उद्यानिकी को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि जय जवान जय किसान के नारे को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे है।देश की सीमा में जवान,खेतों में किसान अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर समृद्ध रूप से कार्य कर रहे है। किसान स्वावलंबन होता है। किसानों को खेती के लिए बिजली,पानी,सड़क की सुविधाएं प्रदेश सरकार दे रही है। खेती से आमदानी बढ़े,इस हेतु प्रदेश के किसान कृषि कार्य के साथ पशुपालन से भी आय अर्जित कर रहे हैं। किसानों को उद्यानिकी,गौपालन,कुक्कुट पालन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में उद्यानिकी का रकबा 20 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास से अशोकनगर नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में भी प्रदेश के किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। बदलते दौर के अनुरूप पशु नस्ल सुधार जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब किसानों को दिन में विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल रहा है, जिससे कृषि कार्य को और आसान बनाने में मदद मिली है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को भी कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्नत गोपालन और डेयरी विकास के कार्यों से युवा बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं। उन्होंने किसानों से सामाजिक कुरीतियों को त्यागने, विवाह एवं अन्य प्रसंगों पर अनावश्यक खर्च कम करने, कृषि भूमि नहीं बेचने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषकों को किसान सम्मान निधि तथा पांच हॉर्स पावर,सात हॉर्स पावर तथा दस हॉर्स पावर पम्प कनेक्शन पर सब्सिडी दे रही है। बच्चों की पढ़ाई के लिए सांदीपनि विद्यालय संचालित किये जा रहे है।
मुख्यमंत्री ने किया संवाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा वुर्चअल रूप से मुंगावली विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव से संवाद किया। संवाद के दौरान विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव में जिले के हजारों कृषकों ने भाग लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि जिले के लिए दो बडी सौगातें चंदेरी तथा मल्हारगढ़ के लिए दी गई। जिससे किसानों की भूमि सिंचित होगी और किसानों को भरपूर लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी,भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष श्री धर्मवीर सिंह रघुवंशी तथा किसान संगठन के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र रघुवंशी तथा आधुनिक कृषि यंत्र का निर्माण करने वाले श्री राजपाल नरवरिया से संवाद कर किसानों के हित में किये जा रहे कार्यो की जानकारी ली।
अतिथियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कृषि से संबंधित गतिविधियों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।
उन्नतशील कृषकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा जिले के उन्नतशील कृषकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कृषक रणवीर सिंह यादव,विवेक जोशी,मोहन सिंह अहिरवार,श्रीकांत कुलकर्णी,सोनू रघुवंशी,शिवानी शर्मा,हरवीर सिंह,अभिषेक शर्मा,रामकुमार तथा राजपाल नरवरिया को सम्मानित किया गया।
होनहार छात्र-छात्राओं का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान परीक्षाओं मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नेहा कुशवाह,सत्यम रघुवंशी,आरूषि,खुशी नामदेव,पूनम,सलोनी,अंशु यादव,दीपक,दीक्षा,राजेश तथा राधिका रजक को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.व्ही.एस.गुप्ता द्वारा कृषकों को प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी, पूर्व विधायक श्री जजपाल सिंह जज्जी,श्री लड्डूराम कोरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शीला जाटव,उप संचालक कृषि श्री अमित भदौरिया,मंडी सचिव श्री प्रेम कुमार मीना सहित जनप्रतिनिधिगण,किसान संगठनों के पदाधिकारी,बडी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
#कृषक_कल्याण_वर्ष_2026
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Aug 20, 2026