#जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
----
समस्याओं का समय सीमा में निराकरण करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
बड़वानी 06 अक्टूबर 2026/ शासन के निर्देशानुसार आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सहज, सरल एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बड़वानी जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता एवं अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना एवं संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनका प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
1. जनसुनवाई में ग्राम पंचायत पांचपुला दक्षिण के श्री भीमा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की चौथी किस्त दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदक ने बताया कि उन्हें योजना के तहत नियमानुसार 3 किस्तें प्राप्त हो चुकी हैं, जिनके आधार पर उन्होंने अपने मकान का निर्माण कार्य लगभग पूरा करवा लिया है, किंतु अभी तक चौथी किस्त की राशि प्राप्त नहीं हुई है। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जनसुनवाई कर रहे जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी बड़वानी को त्वरित रूप से उक्त प्रकरण की जांच कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
2. जनसुनवाई में ग्राम मेणीमाता के श्री कमा द्वारा पुराने बीपीएल कार्ड के अनुसार नया बीपीएल कार्ड बनाकर दिये जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर जनसुनवाई कर रही अपर कलेक्टर श्रीमती सोलंकी ने जिला खाद्य अधिकारी को इस प्रकरण में उचित कार्यवाही करते हुए नियमानुसार लाभ दिलाए जाने हेतु निर्देशित किया।
3. पूर्व जनसुनवाई में जनपद पंचायत पाटी के ग्राम पिपरकुंड के श्री सहरिया ने आवेदन देकर बताया था कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था, किंतु कुछ कारणवश उन्हें राशि का भुगतान नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत पाटी सीईओ द्वारा तत्काल कदम उठाते हुए संबंधित व्यक्ति को राशि का भुगतान किया गया ।
जनसुनवाई में राजस्व संबंधी, पारिवारिक विवाद, बैंक संबंधी प्रकरण, मजदूरी भुगतान राशि दिलवाए जाने, किसान सम्मान निधि, मरम्मत कार्य, निकाय द्वारा साफ सफाई व्यवस्था, रोजगार सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने आवेदकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर श्री शक्ति सिंह चौहान, तहसीलदार श्री राहुल सोलंकी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही फील्ड अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Badwani