सेवा संकल्प अभियान के तहत आपदा प्रबंधन पर युवाओं को किया जागरूक
यमुनानगर, 6 अक्तूबर-रेडक्रॉस कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला रैड क्रॉस समिति, यमुनानगर के कार्यवाहक सचिव संजीव धीमान के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला यमुनानगर के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन के विशेषज्ञ डॉ. केआर भारद्वाज, सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं पैट्रन सोसायटी ऑफ एनवायरमेंट मैनेजमेंट एंड बायो रिसर्च, यमुनानगर द्वारा प्रतिभागियों को आपदा की परिभाषा इसके प्रकार और आपदा के प्रबंधन में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि युवा समाज को दिशा और दशा दिखाने में अपनी अहम भूमिका निभाता है और यदि आज के प्रशिक्षण से सीख लेकर अपने गन्तव्य पर जाकर अन्य नवयुवकों को जागरूक करेगा तो आपदा के समय नुकसान को कम किया जा सकेगा। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग को चिंता का विषय बताते हुए प्रतिभागियों को अवगत कराया कि वाहन चलाते समय कभी भी मोबाईल का प्रयोग न करें क्योंकि ऐसा करने पर दुर्घटना का खतरा तो बना ही रहेगा जोकि आपदा व विपत्ति को खुले तौर पर निमंत्रण है। यदि मोबाईल का प्रयोग सही तरीके से किया जाए तो इससे प्राप्त होने वाली जानकारी हमारे लिए मार्गदर्शक का काम भी कर सकती है।
उन्होंने आपदा प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए मानव निर्मित तथा प्राकृतिक आपदा के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि हमारे देश में इन आपदाओं से कितना कितना नुकसान होता है। उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन भारत सरकार, राज्य आपदा प्रबंधन हरियाणा सरकार एवं जिला आपदा प्रबंधन यमुनानगर के बारे में चर्चा की तथा प्रतिभागियों को इन तीनो स्तर पर क्रियान्वित होने वाली गतिविधियों के बारे जागरूक किया।
इस अवसर पर रैडक्रास के कार्यवाहक सचिव संजीव धीमान ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यमुनानगर बाढ़ संभावित क्षेत्र है तथा समय-समय पर बाढ़ से जान व माल की हानी होने की संभावना बनी रहती है। ऐसे समय में युवाओं की जिम्मेवारी बढ़ जाती है कि वे नि:स्वार्थ भाव से रैडक्रॉस के साथ जुडक़र अपनी सेवाएँ प्रदान करें और दूसरे युवाओं को भी प्रेरित करें। इस अवसर पर फस्र्ट एड प्रवक्ता प्रमजीत सिंह हुण्डल ने युवाओ को फस्र्ट एड व सीपीआर की जानकारी दी जिससे की युवा समय पर सदुपयोग करते हुए किसी की जान बचा सकें।