राजीव गांधी पीजी कॉलेज में नाम की अवमानना को लेकर NSUI का प्रदर्शन, प्राचार्य कक्ष में स्थापित की तस्वीर
मंदसौर। स्थानीय राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के नाम की कथित उपेक्षा और अवमानना को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने विरोध प्रदर्शन किया। NSUI कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने महाविद्यालय परिसर में एकत्रित होकर प्राचार्य के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
NSUI जिलाध्यक्ष मंथन धनोतिया ने कहा कि युवाओं के प्रेरणास्रोत और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर महाविद्यालय का नाम रखा गया है। इसके बावजूद परिसर में उनके नाम को लेकर कथित तौर पर लापरवाही बरती जा रही है, जिसे संगठन ने गंभीरता से लिया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कक्ष में राजीव गांधी की तस्वीर भेंट की और पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ उसे स्थापित करवाया। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में राजीव गांधी के नाम को उचित सम्मान दिए जाने की मांग रखी।
प्राचार्य ने दो सप्ताह में सुधार का दिया आश्वासन
NSUI के विरोध के बाद महाविद्यालय प्राचार्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संगठन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि आगामी दो सप्ताह के भीतर परिसर में मौजूद तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर की गलतियों को सुधारने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महाविद्यालय परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम को उचित सम्मान के साथ प्रदर्शित किए जाने का भरोसा दिलाया गया।
NSUI ने चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार नहीं होने पर संगठन आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठा सकता है।