Public App Logo
संगरिया भाविप द्वारा एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के तहत 150 से अधिक महिलाओं वौ बालिकाओं की हीमोग्लोबिन जांच संगरिया की आवाज़। #संगरिया, भारत विकास परिषद शाखा संगरिया द्वारा एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के अंतर्गत चिकित्सा विभाग के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सरकारी अस्पताल) में हीमोग्लोबिन जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 150 से अधिक गर्भवती महिलाओं एवं किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। शिविर का शुभारंभ सीएचसी प्रभारी डॉ. अरविन्द शर्मा एवं डॉ. विनोद गोयल ने किया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष धर्मेन्द्र अरोड़ा ने कहा कि एनीमिया विशेषकर गर्भवती महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। समय पर हीमोग्लोबिन की जांच और उचित उपचार से इसके दुष्प्रभावों को कम किया जा सकता है। प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिन्दल ने कहा कि एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। शाखा संयोजक महिला सहभागिता गगनदीप कौर ने बताया कि शिविर में 150 से अधिक गर्भवती महिलाओं एवं बालिकाओं की जांच की गई। जांच के दौरान जिन बालिकाओं का हीमोग्लोबिन स्तर 8 ग्राम से कम पाया गया, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की गईं। परिषद की ओर से जांच करवाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड़-चना के पैकेट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर सचिव राजेन्द्र सैन, पूर्व अध्यक्ष कपिल बंसल, शाखा संयोजक सेवा अमित बाघला, परविन्द्र सिंह सिद्धू, हरीश शर्मा, सतविंद्र गोयल सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संगरिया की आवाज़ - Sangaria News