मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत रायपुरा में जनसंवाद आयोजित
ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण, विभिन्न योजनाओं में लाभ का वितरण
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आज श्योपुर विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम रायपुरा में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं में लाभ का वितरण किया गया।
इस अवसर पर नवागत सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्री गगन मीणा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रीना आशीष मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीरज जाट, श्री रामलखन नापाखेडली, भाजपा जिला महामंत्री श्री संजय अकोदिया, डिप्टी कलेक्टर श्री विजय शाक्य, सरपंच श्रीमती रामलेखा मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।
जिला पंचायत के सीईओ श्री कार्तिकेय जायसवाल ने जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से कलस्टर क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण गंभीरता से किया जा रहा है, साथ ही अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर मैदानी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सेवाओं और सुविधाओं को ओर अधिक बेहतर बनाने के लिए कार्य किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों को पंजीबद्ध किया गया है तथा निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजकर सात दिवस में निराकरण के निर्देश दिये गये है। इस अवसर पर ग्राम जाटखेडा के ग्रामीणों द्वारा एकीकृत मिडिल स्कूल और आंगनबाडी केन्द्र की ओर जाने वाले मार्ग को सुचारू करने के संबंध में अवगत कराये जाने पर संबंधित राजस्व अधिकारियों को पुलिस के साथ मौके पर भेजकर रास्ता क्लीयर कराने के निर्देश दिये गये।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें, इसी क्रम में मध्यप्रदेश की सरकार द्वारा यह कार्यक्रम चलाया गया है, जिसका लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। कलस्टर लेबल पर शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का न केवल समाधान कर रहे, बल्कि योजनाओं में लाभ प्रदान करने का कार्य भी किया जा रहा है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीरज जाट ने कहा कि शासन की मंशा अनुसार इन शिविरों के माध्यम से लोगों को लाभ देने का कार्य किया जा रहा है, साथ ही विभिन्न योजनाओं की मॉनीटरिंग भी हो रही है। उन्होंने कहा कि सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के लिए अभियान चलाया जा रहा है, किसान बंधु अभियान के तहत फार्मर रजिस्ट्री कराये।
भाजपा जिला महामंत्री श्री संजय अकोदिया ने कहा कि कलस्टर क्षेत्र में शामिल पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं के निदान के लिए आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम कारगर साबित हो रहे है, जिले के सभी अधिकारी एक मंच पर उपस्थित होकर गंभीरता के साथ न केवल समस्याओं का निराकरण कर रहे है, बल्कि हितग्राहियों को बडी संख्या में लाभ का वितरण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन सीईओ जनपद श्री एसएस भटनागर द्वारा किया गया। शासन की मंशानुसार रायपुरा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में 22 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके एक सप्ताह के अदंर निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये है।
स्वास्थ्य विभाग की ओपीडी में मिला 120 लोगों को उपचार
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सीएमएचओ डॉ दिलीप सिकरवार के नेेतृत्व में मेडिकल टीम द्वारा 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया तथा निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। शिविर के दौरान क्षय रोग चिकित्सक डॉ यतेन्द्र रावत द्वारा रोगियों की टीबी जांच की गई और 15 लोगों के मोबाइल यूनिट के माध्यम से एक्सरे किये गये। 05 लोगों के बलगम की जांच की गई। इस अवसर पर एडवांस किट के माध्यम से 07 लोगों की एड्स की जांच भी शिविर में की गई।
आयुष शिविर में 53 लोगों को दवा का वितरण
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं जांच परीक्षण तथा निशुल्क दवा वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान आयुष टीम द्वारा 53 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुर्वेदिक दवाएं निशुल्क रूप से प्रदान की गई।
पशुपालन विभाग की योजनाओं में लाभ का वितरण
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग अंतर्गत संचालित डॉ भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के तहत ग्राम रायपुरा निवासी श्री देवेन्द्र जाट को लाभान्वित किया गया। उक्त योजना के तहत हितग्राही श्री देवेन्द्र जाट को 25 भैसो के लिए 42 लाख रूपये का ऋण प्राप्त हुआ है। योजना के तहत 10 लाख रूपये की सबसिडी शासन द्वारा प्रदान की जाती है। इसी प्रकार श्री रामलाल बैरवा निवासी रायपुरा को डेयरी प्लस योजना में लाभान्वित किया गया। इस योजना में 2 लाख 95 हजार रूपये की भैसपालन यूनिट में 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाता है। श्रीमती मनभर बाई गुर्जर बकरी पालन योजना अंतर्गत लाभ दिया गया। इस योजना के तहत 10 बकरी और एक बकरे की यूनिट के लिए एससी, एसटी वर्ग को 60 प्रतिशत तथा अन्य हितग्राहियों को 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है।
प्राथमिक स्कूल रायपुरा के निर्माण हेतु 18.25 लाख की राशि स्वीकृत
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान डीपीसी श्री भूपेन्द्र शर्मा द्वारा ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा रायपुरा में प्राथमिक स्कूल भवन के निर्माण के लिए 18 लाख 25 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय ज्वालापुर की मरम्मत के लिए भी राशि स्वीकृत हुई है।
योजनाओं की जानकारी दी
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। श्रम विभाग द्वारा पीएम श्रमयोगी मानधन योजना के संबंध में अवगत कराया गया, जिसमें असंगठित क्षेत्र के श्रमिको को आयु अनुसार प्रतिमाह 55 से 200 रूपये जमा करने पर 60 साल की आयु पूरी होने के बाद 3 हजार रूपये मासिक पेंशन प्रदान की जाती है। इसी प्रकार शिविर में मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना, फार्मर रजिस्ट्री, पशुपालन विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के संबंध में बताया गया कि शासन द्वारा टीबी के रोगियों को निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा 6 माह तक रोगियों को एक हजार रूपये प्रतिमाह की राशि भी दी जाती है। उप संचालक कृषि श्री जीके पचौरिया द्वारा इस अवसर पर आगामी 2 सितंबर को आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि उक्त कार्यक्रम कृषि उपज मंडी श्योपुर में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी वर्चुअली जुडेंगे और किसानों से संवाद करेंगे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
#JansamparkMP
#sheopur
13 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026