Public App Logo
#भरतपुर। जयपुर डिस्कॉम डीग के अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंता के निर्देशों पर विद्युत विभाग की टीम ने कुम्हेर क्षेत्र में बकाया राशि वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ एक बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक अभियंता अभिषेक सिंह के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता गणपत सिंह लोधा, ओमनिवास और विपिन शर्मा की टीमों ने बीते दो दिनों (17 और 18 अगस्त) में नगला गुर्जर, नगला मना, पूठ, किशनपुरा, इंदरपुरा, धनवाड़ा, कासोट, सैंत और सितारा जैसे कई गांवों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। ​इस दो दिवसीय अभियान के दौरान अधिकारियों ने कुल 25 लंबे समय से कटे (डीसी/पीडीसी) विद्युत कनेक्शनों की सघन जांच की। जांच के दौरान बकाएदारों से तत्काल 2 लाख रुपये की पुरानी बकाया राशि वसूल की गई। वहीं चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर कनेक्शन कटने के बावजूद सीधे तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। टीम ने मौके पर ही नियम विरुद्ध बिजली का उपयोग कर रहे लोगों के खिलाफ वीसीआर (विद्युत चोरी निरोधक रिपोर्ट) भरते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया। विभागीय सख्ती को देखते हुए तीन उपभोक्ताओं ने तो मौके पर ही जुर्माने की राशि जमा करा दी। ​सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकेगी और आने वाले दिनों में भी अभियान इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकाया के कारण कटे हुए हैं, वे जल्द अपना हिसाब चुकता करें, अन्यथा चोरी पकड़े जाने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - Bharatpur News