अनुसंधान और उद्यमिता के नए अवसरों से रूबरू हुईं डीएवी गर्ल्स कॉलेज की छात्राएं
यमुनानगर। राष्ट्रीय कदम न्यूज़।
डीएवी गर्ल्स कॉलेज, यमुनानगर में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC) और रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल की ओर से उद्योग भागीदारों के साथ अनुसंधान सहयोग, परामर्श सेवाओं एवं प्रशिक्षण के अवसरों पर एक एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में देहरादून स्थित अनुसंधान एवं नवाचारी वैज्ञानिक अध्ययन केंद्र (डीएनए प्रयोगशाला) के प्रबंध निदेशक डॉ. नरोत्तम शर्मा तथा कनिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अंकिता शर्मा मुख्य वक्ता रहे। वहीं, इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल एवं पीडीपी एंड प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दूसरे सत्र में एल्युमिनी एवं इनोवेशन एंबेसडर खुशी कुमारी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से धन जुटाने और निवेशकों के लिए प्रभावी प्रस्तुति तैयार करने के विषय पर जानकारी दी।
कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. सुरिंदर कौर, आईआईसी कनवीनर विवेक तथा रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल की को-ऑर्डिनेटर डॉ. सुनीता कौशिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
डॉ. नरोत्तम शर्मा ने जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया समझाई। वहीं डॉ. अंकिता शर्मा ने कौशल विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया।
खुशी कुमारी ने बताया कि निवेशकों के समक्ष प्रस्तुति तैयार करते समय समस्या, समाधान, बाजार, बिजनेस मॉडल, प्रतिस्पर्धा, बाजार में प्रवेश की रणनीति, उपलब्धियां, टीम, वित्तीय स्थिति और धन की आवश्यकता जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग निर्णय लेने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए किया जाना चाहिए, न कि उसके स्थान पर। साथ ही बाजार एवं वित्तीय आंकड़ों की सत्यता की जांच कर ही उनका उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. परमेश कुमार और ममता थापर का विशेष सहयोग रहा।