मुंगेर के 3 वर्षीय अभिराज अपहरणकांड का खुलासा, 6 गिरफ्तार; विधि-विरुद्ध नाबालिग भी पुलिस की हिरासत में
मुंगेर। लालदरवाजा से अगवा किए गए तीन वर्षीय अभिराज को पुलिस ने आरा से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध नाबालिग को भी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।
पुलिस के अनुसार, मासूम अभिराज को बहला-फुसलाकर सफेद रंग की कार में बैठाया गया था। इसके बाद उसे पंजाब ले जाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरा में कार को रोका और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से 2.20 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि बच्चे का कथित तौर पर करीब तीन लाख रुपये में सौदा तय किया गया था।
इस मामले में गिरफ्तार लोगों के तार मुंगेर और बेगूसराय के अलावा पंजाब के जालंधर और कपूरथला से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना के पीछे केवल कुछ लोगों का गिरोह है या इसके पीछे मानव तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस ने मामले में मानव तस्करी के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है। वहीं, संगीता नाम की एक महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को उपलब्ध कराने में उसकी भूमिका सामने आई है।
अभिराज के सकुशल बरामद होने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, पुलिस की जांच अभी जारी है और अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की आगे की जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे के अपहरण और कथित सौदे के पीछे मानव तस्करी का कितना बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।
#CrimeNews #crime #crimestory #MungerDistrict