कैप्टन स्मिथ ने हनुमान चालीसा पढ़कर पाया अद्भुत आत्मविश्वास, टला बड़ा विमान हादसा
छतरपुर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बागेश्वर धाम में एक दिव्य दरबार के दौरान पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हनुमान चालीसा के पाठ और उसकी अद्भुत शक्ति का जिक्र किया। धीरेन्द्र शास्त्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विमान चालक कैप्टन स्मिथ के बीच हुई वीडियो कॉल का हवाला देते हुए बताया कि एक बार जब एक विमान क्रैश होने की स्थिति में आ गया था और उस पर 100 से अधिक लोगों की जान खतरे में थी, तब कैप्टन स्मिथ ने असीम साहस का परिचय दिया।प्रधानमंत्री द्वारा संकट के समय विमान नियंत्रित करने और आत्मविश्वास के बारे में पूछने पर कैप्टन स्मिथ ने स्पष्ट किया कि मुश्किल घड़ी में उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया था, जिसके प्रभाव से उन्हें आंतरिक शक्ति और अटूट आत्मविश्वास मिला। इसी के बल पर उन्होंने सुरक्षित लैंडिंग कर सभी यात्रियों की जान बचाई। महाराज ने कहा कि हनुमान जी की सच्ची भक्ति करने वाले हर भक्त के भीतर एक विशेष आत्मबल और शक्ति प्रकट होती है।