बालाघाट विकासखंड में पशुओं का सघन टीकाकरण अभियान,
पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने पर जोर
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुओं को विभिन्न संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बालाघाट विकासखंड में सघन टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक डॉ. घनश्याम परते के निर्देशानुसार खंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पुशाम के नेतृत्व में ग्राम पायली, कोचेवाड़ा एवं बकवाड़ा में पशुओं का सघन टीकाकरण किया गया।
अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं के नियमित एवं समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई। पशुपालकों को संक्रामक रोगों से बचाव के लिए निर्धारित समय पर पशुओं का टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही पशुओं से संबंधित जानकारी को भारत पशुधन ऐप पर अद्यतन करने की प्रक्रिया के तहत पशुपालकों के आधार नंबर अपडेट कराने संबंधी आवश्यक कार्रवाई भी की गई। विभागीय अमले ने पशुपालकों को पशुधन संबंधी जानकारी डिजिटल रूप से अद्यतन रखने के फायदे भी बताए।
अभियान के दौरान ग्राम धनसुआ स्थित पशु चिकित्सा इकाई का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा सेवाओं की स्थिति, विभागीय गतिविधियों एवं अन्य कार्यों की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। सघन टीकाकरण अभियान में पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री जे.एल. धुर्वे, श्री अंशुल नागोसे, श्री देवेश पटले सहित गौ सेवकों एवं गौ मैत्रियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विभाग द्वारा पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं का नियमित टीकाकरण कराकर उन्हें संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखें।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_husbandry
31 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 20, 2026