गरीबों के राशन पर डाका? रनेही में कोटेदार पर गंभीर आरोप, शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था
सतना। सोहावल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रनेही से गरीबों को मिलने वाले सरकारी राशन को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान संचालक द्वारा कई महीनों से पात्र हितग्राहियों को निर्धारित राशन नहीं दिया जा रहा है। राशन मांगने पर कथित तौर पर उन्हें “अगले महीने आना” कहकर वापस लौटा दिया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। वहीं सामने आए वीडियो में एक महिला को कोटेदार से अनाज देने की मांग करते हुए साफ देखा जा सकता है, जो पूरे मामले की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करता है।
अब सवाल यह है कि यदि गरीबों के हक का राशन समय पर नहीं मिल रहा, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।