डूंगरपुर: *चित्तौड़गढ़: 42 क्विंटल से ज्यादा मादक पदार्थ नष्ट, अनुमानित कीमत 7 करोड़*
चित्तौड़गढ़। राज्य स्तरीय मादक पदार्थ नष्टीकरण अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने गुरुवार को 17 थानों के 47 प्रकरणों में जब्त 42 क्विंटल 08 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ नष्ट किया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की उपस्थिति में शंभूपुरा थाना क्षेत्र के सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की कीलन में डोडाचूरा, गांजा, एमडीएमए और स्मैक को निर्धारित प्रक्रिया से जलाकर नष्ट किया गया। नष्ट माल में 42 क्विंटल 05 किलो डोडाचूरा, 1.175 किलो गांजा, 123 ग्राम एमडीएमए, 56 ग्राम हेरोइन और 400 गांजे के पौधे शामिल हैं। एनसीबी की मानक कीमत के अनुसार इसकी अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है।
एसपी ने बताया कि मालखानों में जगह की समस्या और विधिसम्मत निस्तारण के लिए यह कार्रवाई की गई। वजन, सत्यापन और नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी भी करवाई गई।