समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनीं जन समस्याएं
हिसार, 01 अक्टूबर।
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सडक़, पेयजल, बिजली, सीवरेज, राजस्व, परिवार पहचान पत्र सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में गांव रावलवास खुर्द निवासी नेहा द्वारा फैमली आईडी में आय अधिक दर्शाए जाने की शिकायत रखी गई जिस पर उपायुक्त महेंंद्र पाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रार्थी की सही आय की जांच करवाकर परिवार पहचान पत्र में आय को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एक अन्य प्रार्थी की शिकायत पर डबल फाटक से जाट कॉलेज व रेलवे रोड पर तोड़ गए अवैध कब्जों का मलबा उठवाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी गई। गांव न्योली कंला के ग्रामीणों द्वारा 25 केवी ट्रांसफार्मर को 100 केवी ट्रांसफार्मर में बदलवाने की मांग पर उपायुक्त ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को उक्त मामले पर आगामी कार्यवाही करने को कहा। गांव मात्रश्याम निवासी दिलबाग सिंह द्वारा एसडीएम कार्यालय हिसार के कर्मचारियों द्वारा फसल पंजीकरण न करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने एसडीएम हिसार को मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला राजस्व अधिकारी श्यामलाल, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम आयुक्त प्रदीप हुड्डा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन (01 डीआईपीआरओ फोटो 01 से 03) : समाधान शिविर में जन नागरिको की समस्याओं को सुनते उपायुक्त महेंद्र पाल
Uklana, Hissar | Oct 1, 2026