उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान सोमवार को उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर तनाव बढ़ गया। सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई का विरोध करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हुए।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और भीड़ के बीच टकराव हुआ तथा पुलिस पर पथराव की खबर सामने आई। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया जा रहा है कि कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है, जिसकी जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा आ रहा है।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
P.NEWZ INDIA | पत्रकार राम मनोहर मिश्रा