#भरतपुर। रूपवास उपखंड की चैंकोरा ग्राम पंचायत में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर किए जा रहे अवैध कब्जे पर प्रशासन का चाबुक चला है। ग्रामीणों की शिकायत पर उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार के निर्देशानुसार तहसीलदार जीतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। जांच में सड़क की तरफ 42 फीट चौड़े हिस्से पर पक्का निर्माण और 250 फीट लंबाई में पत्थर डालकर अतिक्रमण पाया गया, जिसे जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर जमीन को पूरी तरह मुक्त कराया गया। इसके बाद खेल मैदान को स्कूल प्रधानाचार्य को सुपुर्द कर दिया गया। तहसीलदार ने चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।