महिलाओं से दोस्ती के आरोपों के बीच योगेश पर पहली FIR, साध्वी ने लगाया छेड़छाड़ और धमकी का आरोप...
ग्वालियर में महिलाओं से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क बनाकर उनकी निजी वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में पकड़े गए योगेश गुप्ता के खिलाफ अब पहली FIR दर्ज हुई है। एक साध्वी ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि 10 अगस्त को हुरावली चौराहे पर योगेश ने उनकी स्कूटी रोककर हाथ पकड़ा और दोस्ती करने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साध्वी के मुताबिक, योगेश से उनकी पहचान करीब तीन साल पहले हुई थी, जब वह उनके आश्रम में सेवा कार्य कर चुका था। आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने छेड़छाड़, रास्ता रोकने और धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज कर केस डायरी सिरोल थाने भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।