ऑपरेशन हंटडाउन: पंचकूला पुलिस ने 24 घंटे के अंदर 5 मामलों में 7 चोर-स्नैचर किए गिरफ्तार
महज 1 दिन में पुलिस ने खैर कटाई, बाइक चोरी, तार चोरी, चेन स्नैचिंग व ढाबा चोरी के मामले सुलझाए
पंचकूला/ 7 अक्टूबर:- पंचकूला में चोरी-स्नैचिंग पर अंकुश लगाने तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन हंटडाउन के तहत पंचकूला पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने पिछले 24 घंटे के दौरान 5 अलग-अलग मामलों में कुल 7 चोर-स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह व डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में थाना पिंजौर, अमरावती चौकी तथा क्राइम ब्रांच-2 की टीमों द्वारा की गई है।
पहला मामला
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार अमरावती चौकी टीम ने पंचकूला के सूरजपुर स्थित सरकारी जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में दो और आरोपियों कृष्ण कुमार व रिंकु कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस पहले ही आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजू व विशाल उर्फ चीनू को गिरफ्तार कर चुकी है। वन विभाग की शिकायत पर दर्ज इस मामले में मौके से खैर के 7 कटे हुए पेड़ तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया था। मामले में आगामी जांच जारी है।
दूसरा मामला
दूसरे मामले में थाना पिंजौर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में हिमांशु उर्फ हन्नी व मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 6 अक्टूबर को सुखोमाजरी बाईपास के नजदीक से काबू किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल के पार्ट्स जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 23 जुलाई को रथपुर कॉलोनी स्थित उमापति मंदिर के पास खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की थी। दोनों आरोपियों को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
तीसरा मामला
तीसरे मामले में थाना पिंजौर पुलिस ने पिंजौर निवासी व्यक्ति की शिकायत पर 16 मई को दर्ज ट्यूबवैल की तार चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 6 अक्टूबर को काबू कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
चौथा मामला
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार क्राइम ब्रांच-2 पंचकूला की टीम ने सेक्टर-4 पंचकूला में महिला से सोने की चेन झपटने के मामले में नीरज निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। 27 जून 2026 को छवि जैन मंदिर जाते समय अपने मकान के पास पहुंची थीं, तभी बाइक सवार आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली थी। पूछताछ में आरोपी ने छीनी गई सोने की चेन छिपाकर रखने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है तथा छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पांचवा मामला
पांचवें मामले में क्राइम ब्रांच-2 सेक्टर-19 पंचकूला की टीम ने सेक्टर-15 स्थित ढाबे से दो गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन व नकदी चोरी करने के मामले में एक और आरोपी किशन लाल वाजपेयी उर्फ कृष्णा निवासी उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सेक्टर-43 चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया है। इस मामले में आरोपी रितिक सिंह व शिवम उर्फ भेड़ को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान आरोपी किशन की निशानदेही पर चोरी का सैमसंग मोबाइल फोन तथा अन्य चोरीशुदा मोबाइल बरामद करने के लिए पुलिस ने आरोपी का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार पंचकूला पुलिस द्वारा ऑपरेशन हंटडाउन के तहत चोरी, स्नैचिंग व अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की पहचान कर लगातार धरपकड़ की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर चोरी व छीनी गई संपत्ति की बरामदगी के साथ-साथ उनके अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त होने की भी जांच की जा रही है।
Uklana, Hissar | Oct 7, 2026