देहरादून में सनसनीखेज वारदात,भाजपा पार्षद के परिवार को नशीला पदार्थ देकर लाखों की लूट, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी नौकर।
बसंत विहार क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां वार्ड नंबर 36 की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर में काम करने वाले घरेलू सहायक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 20-25 दिन पहले ही एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नेपाल मूल के इस नौकर को घर के काम के लिए रखा गया था। मंगलवार रात आरोपी नौकर ने शातिराना ढंग से पूरे परिवार के खाने में कोई नशीला या विषाक्त पदार्थ मिला दिया। भोजन करने के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम बेहोश हो गए। परिवार के अचेत होते ही आरोपी ने अपने अन्य साथियों को घर पर बुला लिया और इत्मीनान से अलमारियां खंगालकर लाखों रुपये का कैश और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया।
सुबह जब परिजनों को होश आया तब घटना का पता चला। पार्षद अमिता सिंह की तबीयत अत्यधिक बिगड़ने के कारण उन्हें तुरंत देहरादून के सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और बसंत विहार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घर की रसोई में खाना बनाते समय नशीला पदार्थ मिलाते हुए आरोपी का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है ।पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशंस के आधार पर फरार नौकर और उसके साथियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।
"उत्तराखंड की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए Nandi News Uttarakhand को Follow करें।"
#Uttarakhand #Dehradun #NandiNews #BreakingNews #UttarakhandNews #viralvideo