10 समस्याओं से घिरा डीडवाना: आगामी निकाय चुनावों में गूंजेगा जनता का आक्रोश, दिग्गजों की साख दांव पर
डीडवाना। नगर परिषद क्षेत्र डीडवाना में निकाय चुनावों की बुगाहट के बीच शहर की पुरानी व अनसुलझी समस्याओं को लेकर माहौल गरमाने लगा है। वर्षों से लंबित पड़ी मूलभूत सुविधाओं की बदहाली और प्रशासनिक उदासीनता के कारण आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है। शहर के 10 मुख्य मुद्दे ऐसे हैं, जो इस बार चुनाव में राजनीतिक दलों और दिग्गज नेताओं के लिए सबसे बड़ी परीक्षा साबित होंगे।
*चुनावी माहौल को गरमा रहे 10 प्रमुख मुद्दे*
सड़कों पर बेसहारा गोवंश: शहर की संकरी गलियों, मुख्य चौराहों, हाईवे और पुलिया पर गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है। इसके कारण हर दिन राहगीर व वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
बदहाल सार्वजनिक शौचालय: सफाई के नाम पर बजट उठने के बावजूद शौचालयों में भीषण गंदगी रहती है, जिससे बाहर से आने वाले लोगों और राहगीरों को सार्वजनिक दीवारों पर शौच के लिए मजबूर होना पड़ता है।
कचरे के ढेर और अवैध डंपिंग यार्ड: मोहल्लों और नालियों में कचरा भरा पड़ा है। जगह-जगह बने अवैध डंपिंग यार्डों से उठती बदबू से स्थानीय निवासियों का जीना दुश्वार हो गया है।
सीवरेज की बदहाली: लगभग हर वार्ड में सीवरेज चेंबर ब्लॉक पड़े हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
बंद पड़ी रोड लाइटें: शहर के कई मुख्य मार्ग और गलियां अंधेरे में डूबी रहती हैं। शिकायत करने के बाद भी महीनों तक लाइटें ठीक नहीं की जातीं।
कागजी कचरा टेंपो व्यवस्था: घर-घर कचरा संग्रहण के नाम पर स्वीकृत दर्जनों गाड़ियों की जगह धरातल पर सिर्फ 7-8 ओवरलोडेड टेंपो ही दिखते हैं, जिससे समय पर उठान नहीं हो पा रहा।
पार्किंग व्यवस्था का अभाव: मुख्य बाजारों और व्यावसायिक परिसरों में बिना पार्किंग व्यवस्था के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स खड़े कर दिए गए हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
धरोहरों के संरक्षण की उपेक्षा: डीडवाना की प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरें देखरेख के अभाव में अपना अस्तित्व खो रही हैं।सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण व फर्जी पट्टे: कब्रिस्तान, श्मशान घाट और सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं के कब्जे और फर्जी पट्टों के मामलों को लेकर जनता में गहरा आक्रोश है।
*दिग्गजों की कार्यशैली पर सवाल*
सत्ता और प्रशासन में लंबे समय तक रहने के बाद भी इन 10 समस्याओं का समाधान न हो पाना दिग्गजों के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
Didwana, Nagaur | Aug 24, 2026