भाई को जान से मारने की धमकी देकर 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण का आरोप, जयपुर में दुष्कर्म की शिकायत, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
मुरैना। सिहोनिया थाना क्षेत्र के कुम्हरपुरा से 11 साल 8 माह की नाबालिग बच्ची के अपहरण और जयपुर ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। बच्ची की मां ने चार नामजद युवकों पर बेटी को धमकी देकर ले जाने और उसके साथ अपराध किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन नाबालिग को लेकर मुरैना एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाई को धमकी देकर बच्ची को ले जाने का आरोप
पीड़िता की मां के अनुसार, 22 सितंबर को वह दंदरौआ धाम दर्शन के लिए गई थीं। इसी दौरान रात करीब 11 बजे पाली का पुरा निवासी जीतू सखवार अपने साथियों उनेब खान, इंडियन और एक अन्य व्यक्ति के साथ थार वाहन से उनके घर पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद उनकी नाबालिग बेटी को अपने साथ ले गए। मां का आरोप है कि बच्ची को जयपुर ले जाकर एक कमरे में रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
बच्ची बरामद, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
पीड़िता की मां का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस ने अगले दिन आरोपियों को पकड़कर बच्ची को बरामद कर लिया था। हालांकि, उनका आरोप है कि आरोपियों को करीब तीन दिन थाने में रखने के बाद बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि नाबालिग का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और अब आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से पुलिस इनकार कर रही है। इन्हीं आरोपों को लेकर परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
एसपी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
एसपी कार्यालय में परिजनों ने अधिकारियों के सामने पूरी घटना रखी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसपी ने परिवार की शिकायत सुनने के बाद मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शादी समारोह में हुई थी आरोपी से मुलाकात
परिजनों के अनुसार, करीब एक साल पहले गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान नाबालिग की मुलाकात आरोपी जीतू सखवार से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच परिचय होने की बात सामने आई है।
फिलहाल परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
#मुरैना #morena #पुलिस