#Balrampur ! राप्ती नदी में छोड़े गए 50 हजार मत्स्य बीज, बढ़ेगी जैव विविधता...
#बलरामपुर (07 अक्टूबर)। राप्ती नदी में जलीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण और मत्स्य सम्पदा के संवर्धन के लिए बुधवार को रिवर रैंचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने राप्ती नदी में 50 हजार (0.50 लाख) गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचय किया।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि राप्ती नदी जिले की जीवनरेखा है और इसके प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। रिवर रैंचिंग से जहां पर्यावरणीय संतुलन मजबूत होगा, वहीं मछुआ समुदाय की आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।
सहायक निदेशक मत्स्य दीपान्सू ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और मानवीय हस्तक्षेप से घटती मत्स्य प्रजातियों को बचाने के लिए प्रदेश सरकार यह अभियान चला रही है। उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम की हैचरियों में तैयार इन बीजों से नदियों में मछलियों की संख्या और विविधता में सुधार आएगा।