चुराह: खुशनगरी पंचायत में उद्यान विभाग लगाए जागरूकता शिविर, बागवानों को मिले वैज्ञानिक प्रशिक्षण – असलम खान
सुरेंद्र ठाकुर
चुराह/चंबा, 29 जून
जिला चंबा के उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत खुशनगरी में बागवानों ने उद्यान विभाग से पंचायत स्तर पर नियमित जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश परिवारों की आजीविका सेब की बागवानी पर निर्भर है, लेकिन समय पर तकनीकी जानकारी के अभाव में उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
बागवानों के अनुसार, सेब के पौधों पर फल लगने के दौरान किस समय कौन-सी कीटनाशक दवा का छिड़काव करना चाहिए और किन दवाओं का प्रयोग सुरक्षित एवं प्रभावी रहेगा, इसकी सही जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती। इसके कारण कई बार गलत समय या गलत दवा के इस्तेमाल से फसल को नुकसान होता है और उत्पादन प्रभावित होता है।
ग्राम पंचायत खुशनगरी के नवनिर्वाचित उपप्रधान असलम खान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पंचायत के अधिकांश लोग बागवानी से जुड़े हैं और लंबे समय से उद्यान विभाग से जागरूकता शिविर लगाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विभाग समय-समय पर विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देगा तो बागवान आधुनिक तकनीकों, रोग एवं कीट प्रबंधन तथा सही कीटनाशक उपयोग की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में कई बार बागवान गलत तरीके से कीटनाशकों का छिड़काव कर देते हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए पंचायत स्तर पर नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने चाहिए।
असलम खान ने आश्वस्त किया कि आगामी ग्राम सभा की बैठक में वह इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे तथा उद्यान विभाग से पंचायत में नियमित जागरूकता शिविर आयोजित करने का आग्रह करेंगे, ताकि क्षेत्र के बागवानों को समय पर वैज्ञानिक मार्गदर्शन मिल सके और उनकी फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन में सुधार हो।
🎤 बाइट: असलम खान, उपप्रधान, ग्राम पंचायत खुशनगरी।
#PangiLiveNews #ChambaNews #Churah #KhushNagari #AppleFarming #Horticulture #Bagwani #HimachalPradesh #AppleGrowers #AwarenessCamp #AslamKhan #FarmersNews #RuralDevelopment #ChambaUpdates