मुंबई में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के महामंत्री राजकुमार कालिया का भव्य स्वागत
आकोला (रमेशचंद्र डाड) अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के महामंत्री राजकुमार कालिया के मुंबई आगमन पर माहेश्वरी समाज व सीए सोरभ अजमेरा-चेयरमैन WIRC के नेतृत्व में युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं प्रोफेशनल्स द्वारा उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाज के युवाओं ने महासभा के बैनर तले माहेश्वरी समाज के विभिन्न प्रोफेशनल एवं व्यावसायिक वर्टिकल्स को संगठित रूप से विकसित करने का सुझाव रखा।
युवाओं ने कहा कि माहेश्वरी समाज में चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर, वकील, उद्योगपति, बैंकिंग एवं वित्त क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स, उद्यमी तथा विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिभाओं की बड़ी संख्या है। यदि इन सभी को समाज के एक मजबूत प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए, तो समाज के युवाओं और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन, नेटवर्किंग एवं सहयोग के बेहतर अवसर मिल सकते हैं।
इस सुझाव पर महामंत्री राजकुमार कालिया ने सकारात्मक एवं सारगर्भित विचार रखते हुए कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। प्रत्येक माहेश्वरी को एक-दूसरे से जोड़ना और समाज के प्लेटफॉर्म के माध्यम से सभी को अपनी प्रतिभा एवं विशेषज्ञता के साथ समाज के लिए कार्य करने का अवसर देना आवश्यक है।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को केवल अपने-अपने क्षेत्र तक सीमित न रहकर समाज के विकास और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन के लिए भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से समाज के प्लेटफॉर्म से जुड़कर रचनात्मक एवं सकारात्मक कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
मुंबई में हुए इस संवाद को माहेश्वरी समाज के युवाओं और महासभा के बीच विचारों के आदान-प्रदान तथा नई संभावनाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया