Public App Logo
रोहतास पुलिस बनी ‘चरवाहा’, मवेशियों को बांधना और चारा खिलाना बना मजबूरी रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में मजदूरी मांगने के विवाद में मजदूर की गोली मारकर हत्या के बाद अब पुलिसकर्मियों के सामने एक अलग तरह की चुनौती खड़ी हो गई है। आरोपी के घर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी अब ड्यूटी के साथ-साथ वहां बंधे मवेशियों की देखभाल भी कर रहे हैं। मवेशियों को बांधना, उन्हें चारा-पानी देना और उनकी निगरानी करना पुलिसकर्मियों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। दरअसल, जोगिया गांव में मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में अजीत तिवारी पर एक मजदूर की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हमला कर आगजनी की तथा वहां रखे कृषि यंत्रों को भी नुकसान पहुंचाया था। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आरोपी के घर पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी। इसी बीच पुलिस ने आरोपी अजीत तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना के बाद भय के कारण उसके परिवार के अन्य सदस्य भी घर छोड़कर कहीं दूसरी जगह चले गए। ऐसे में घर और परिसर में मौजूद मवेशियों की देखभाल करने वाला कोई नहीं बचा। पुलिस की ड्यूटी अब केवल घर की सुरक्षा तक सीमित नहीं रह गई है। वहां तैनात जवानों को आरोपी द्वारा पाले गए मवेशियों की भी देखरेख करनी पड़ रही है। जवान मवेशियों को बांधने से लेकर उन्हें चारा और पानी देने तक का काम करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच पुलिस की यह तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के सामने अब मानवीय जिम्मेदारी भी आ गई है, क्योंकि मवेशियों को बिना देखभाल के छोड़ना भी संभव नहीं है। फिलहाल पुलिस की तैनाती आरोपी के घर पर बनी हुई है और जवान सुरक्षा के साथ-साथ मवेशियों की देखभाल भी कर रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। - Kargahar News