#बलरामपुर पुलिस कार्यालय में अपराध गोष्ठी आयोजित, डीआईजी ने दिए कड़े निर्देश...
बलरामपुर। #देवीपाटन_परिक्षेत्र_गोण्डा के पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने सोमवार को बलरामपुर पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी की। इससे पूर्व डीआईजी ने परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों के टर्नआउट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में डीआईजी ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर एवं जघन्य अपराधों में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने, गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध संपत्तियों को जब्त करने और वांछित व वारंटी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के स्पष्ट निर्देश दिए। इसके अलावा, नेपाल सीमा और जनपदीय सीमाओं पर गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की सघन जांच के निर्देश जारी किए गए।
डीआईजी शुक्ल ने महिला व बाल अपराधों पर त्वरित संवेदनशील कार्रवाई, साइबर अपराध नियंत्रण, डायल-112 का रिस्पांस टाइम सुधारने और जनसुनवाई की शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति व्यवस्था बनाए रखने और बीट पुलिसिंग व पैदल गश्त को प्रभावी बनाने की हिदायत दी।
समीक्षा के दौरान डीआईजी ने लंबित एस.आर. मामलों, एससी/एसटी एक्ट की विवेचनाओं, विभागीय जांचों और आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, क्षेत्राधिकारी ललिया डी.के. श्रीवास्तव, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह समेत समस्त थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
#balrampur #balrampurpolic
Balrampur, Balrampur | Aug 17, 2026