तूना-बौंठा मोटर मार्ग का होगा कायाकल्प, 1.85 करोड़ से 10 किमी सड़क का होगा सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण!!
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया कार्य का शुभारंभ, धनपुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ!!
रुद्रप्रयाग जिले की धनपुर पट्टी के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने तूना-बौंठा मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 1.85 करोड़ रुपये की लागत से 10 किलोमीटर मोटर मार्ग को बेहतर बनाया जाएगा। इस कार्य के पूरा होने के बाद धनपुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
तूना-बौंठा मोटर मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग कर रहे थे। सड़क निर्माण से जुड़ी तकनीकी अड़चनों के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। तकनीकी समस्याओं का समाधान होने के बाद शासन से 1.85 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई, जिसके बाद अब कार्य धरातल पर शुरू कर दिया गया है।
कार्य शुभारंभ के अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तूना-बौंठा मोटर मार्ग धनपुर क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण से ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक एवं विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग का करीब 1.5 किलोमीटर हिस्सा नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। इस हिस्से को इंटरलॉकिंग टाइल्स के माध्यम से सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे सड़क की मजबूती और उपयोगिता बढ़ेगी।
मंत्री ने बताया कि तूना-बौंठा मोटर मार्ग का निर्माण पूर्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत किया गया था। पांच वर्ष की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद मार्ग को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया। अब इसके सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य सड़कों के सुधारीकरण को लेकर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुनाड़ सड़क को पीएमजीएसवाई फेज-4 में स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका निर्माण कराया जाएगा। वहीं जयमंडी सड़क के डामरीकरण के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है और इसका कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम निर्माण की 107 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है। स्वीकृति के बाद इस दिशा में भी जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बेहद आवश्यक है।
बाइट - भरत सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड #facebookviral #development #village #road #uttarakhand #rudraprayag #government #latest #today #kedarnath