#कहानी_बदलाव_की
छोटी सी चाय की दुकान से शुरू हुआ सफर
पीएम स्वनिधि योजना से बढ़ाया व्यवसाय
शिवपुरी, 30 सितम्बर 2026
दृढ़ संकल्प और शासकीय योजनाओं का यदि समय पर संबल मिल जाए, तो छोटे से छोटा व्यवसायी भी सफलता की नई इबारत लिख सकता है। शिवपुरी जिले की तहसील पोहरी के निवासी श्री रफीक अहमद की कहानी इस बात की प्रत्यक्ष मिसाल है। पहले जहाँ वे सीमित साधनों के बीच एक छोटी सी चाय की दुकान चलाकर किसी तरह अपने जीवन का गुजारा कर रहे थे, आज वे पीएम स्वनिधि योजना से मिले लाभ से एक सफल और आत्मनिर्भर व्यवसायी बनकर उभरे हैं।
श्री रफीक अहमद के व्यावसायिक जीवन को नई दिशा तब मिली जब उन्हें नगर पंचायत पोहरी के माध्यम से महत्वाकांक्षी पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना की जानकारी मिली। उन्होंने इस योजना के तहत सबसे पहले 10,000 रुपये का कार्यशील पूंजी ऋण लिया। अपने व्यवसाय को ईमानदारी से आगे बढ़ाते हुए उन्होंने इस ऋण का सुचारू रूप से पूर्ण भुगतान कर दिया। उनकी बेहतरीन क्रेडिट हिस्ट्री और वित्तीय अनुशासन को देखते हुए उन्हें 20,000 रुपये का दूसरा ऋण स्वीकृत हुआ। इसे भी सफलतापूर्वक चुकाने के बाद अब उन्हें 50,000 रुपये की राशि प्रदान की गई है।
योजना से प्राप्त वित्तीय सहायता का सही उपयोग करते हुए श्री रफीक अहमद ने अपनी पुरानी छोटी सी चाय की दुकान का कायाकल्प किया। 50,000 रुपये के तीसरे ऋण से उन्होंने चाय एंड कोल्ड्रिंक्स की दुकान की शुरुआत की, जिसमें रेफ्रिजरेटर लगाकर कोल्ड्रिंक्स, बेकरी प्रोडक्ट्स और पैक्ड स्नैक्स का काम भी चालू किया। इस व्यावसायिक विस्तार और नवाचार के फलस्वरूप उनकी दैनिक बिक्री और मासिक आमदनी में वृद्धि हुई है।
स्वावलंबन और स्थानीय स्ट्रीट वेंडर्स के लिए प्रेरणा
रफीक अहमद का यह प्रयास न केवल उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रहा है, बल्कि क्षेत्र के अन्य छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है। उन्होंने यह साबित कर दिखाया है कि शासकीय योजनाओं से मिलने वाली छोटी-छोटी मदद भी यदि ईमानदारी और वित्तीय अनुशासन के साथ उपयोग की जाए, तो वह जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
प्रधानमंत्री का जताया हृदय से आभार
अपनी इस उपलब्धि और स्वावलंबन की यात्रा पर खुशी व्यक्त करते हुए श्री रफीक अहमद बताते हैं कि पीएम स्वनिधि योजना मेरे जैसे छोटे दुकानदारों के लिए वरदान साबित हुई है। इस योजना ने मुझे सम्मानजनक जीवन और व्यवसाय विस्तार का अवसर दिया है। वे इस अभूतपूर्व सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद करते हुए हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
PMO India
#shivpuri