बेगूसराय में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आगाज, 4500 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
22 खेल विधाओं में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी ले रहे भाग, 4 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता
बेगूसराय। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। जिले के विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 4500 स्कूली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी तथा जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रिची पांडेय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। बच्चों के सर्वांगीण एवं बहुआयामी व्यक्तित्व के विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद में भाग लेना भी बेहद जरूरी है। खेल से न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी भाईचारा, सद्भावना एवं मित्रता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ियों को क्रिकेट के अलावा कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों में भी अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिले के खिलाड़ी राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर बेगूसराय का नाम रोशन करेंगे।
नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलकूद के लिए प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार ने कहा कि बेगूसराय की धरती साहित्य, खेल एवं कला के क्षेत्र में समृद्ध रही है। जिले के कई प्रतिभावान खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही खेलों से जुड़ने का अवसर मिलता है। इससे उनकी प्रतिभा की पहचान कर उसे विकसित करने में मदद मिलती है। वहीं, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी लगभग 22 विभिन्न खेल विधाओं में भाग ले रहे हैं। जिलेभर के करीब 4500 स्कूली खिलाड़ियों की सहभागिता वाली यह प्रतियोगिता 4 अक्टूबर तक चलेगी। इसका आयोजन गांधी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, बी.पी. स्कूल, खेल भवन तथा कल्याण केंद्र सहित जिले के विभिन्न खेल स्थलों पर किया जा रहा है।
कबड्डी, वॉलीबॉल एवं ताइक्वांडो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी के अंडर-14 बालिका वर्ग में जी.एम.एस. हेमरा की टीम विजेता रही, जबकि मध्य विद्यालय, बीहट की टीम उपविजेता बनी। वॉलीबॉल के अंडर-14 बालक वर्ग में सेंट ज्यूस पब्लिक स्कूल, फुलवरिया ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि ओमर हाई स्कूल, तेघड़ा की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 बालक वर्ग में बी.पी. स्कूल की टीम विजेता तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, इनीयार की टीम उपविजेता रही। वहीं, वॉलीबॉल के अंडर-17 बालक वर्ग में बी.पी. इंटर विद्यालय, बेगूसराय की टीम ने भी विजेता का स्थान प्राप्त किया।
ताइक्वांडो के अंडर-14 बालक वर्ग में आदित्य राज, दक्ष राज, रौशन, आयुष, अनमोल, दिव्यांशु राज एवं आयुष बनर्जी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अंडर-14 बालिका वर्ग में साक्षी कुमारी, निभा कुमारी, रिमझिम कुमारी एवं सृष्टि कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
टेबल टेनिस के अंडर-14 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय, बीहट की सिद्धि कुमारी ने प्रथम तथा इसी विद्यालय की पलक कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय, बीहट की निक्की कुमारी प्रथम तथा मोना खातून द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार सहित शिक्षक रामबाबू, राजेश, शुभम, शशिकांत, रितेश, पिंकी, लक्ष्मी, चिरंजीवी एवं रणधीर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं उद्घोषणा कन्हैया भारद्वाज तथा गौरव कुमार पाठक ने किया। जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।