जमुई के व्यवसायी के बैंक खाता से साइबर अपराधी ने उड़ाए 05 लाख 86 हज़ार 670 रुपए
जमुई: शहर के बोधवन तालाब रोड स्थित छड़- सीमेंट की दुकान चलाने वाले व्यवसायी अरुण कुमार वर्णवाल को साइबर अपराधी ने अपना निशाना बना लिया। इस दौरान अचानक उनके पंजाब नेशनल बैंक के सेविंग एकाउंट से पहले 30 हज़ार रुपया कटने का मैसेज आया, जबतक वे कुछ समझ पाते, पैसा कटने के कारण की जानकारी ले पाते तबतक देखते ही देखते अलग-अलग बैंक खाता में 14 ट्रांजक्शन हो गया और उनके खाते से कुल पांच लाख 86 हज़ार 670 रुपए गायब हो गए। खाता में सिर्फ 1348 रुपया शेष बचा। इतने सारे पैसे अचानक फ्राड होने की वजह से व्यवसायी में दहशत फैल गई। बैंक बंद रहने की वजह से खाता से संबंधित विशेष जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद फौरन 1930 पर काल कर आनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई और साइबर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है। पीड़ित अरुण कुमार वर्णवाल ने बताया कि उनका घर और दुकान बोधवन तालाब रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने है। उनके बैंक खाता में कुल छह लाख 59 हज़ार 445 रुपए था। वे न फोन पे न गूगल पे चलाते हैं और न ही उनके पास एटीएम हैं। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार का फ्राड काल भी नहीं आया था, न ही कोई एप डाउनलोड किया गया और न ही किसी लिंक के साथ छेड़खानी की गई थी। इसके बावजूद अचानक लगातार 30 से 35 हज़ार रुपया के ट्रांजेक्शन का 14 मैसेज आ गया। मैसेज के अनुसार खाता से कुल पांच लाख 86 हज़ार 670 रुपया कटा है, जबकि 71 हज़ार 427 रुपए के कटने का मैसेज नहीं आया है। खाता में सिर्फ 1348 रुपया ही शेष बचा हुआ दिख रहा है। कुल छह लाख 58 हज़ार 97 रुपया खाता से गायब है। आज बैंक बंद रहने की वजह से खाता से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी नहीं हो पाई है और खाता से पैसा काटने के कारण का भी पता नहीं चल सका है। शिकायत के बाद साइबर थाना की पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। #jamuinews #jamuitopnews #jamui #cybercrime #jamuiPolice
Jamui, Jamui | Oct 2, 2026