मध्यप्रदेश में तेज हुई नई औद्योगिक इकाइयों से युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया और अर्थव्यवस्था को मिल रही है नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
--
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीथमपुर में 850 करोड़ रुपये निवेश की दो अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयों का किया शुभारंभ-सैकड़ों युवाओं को मिला रोजगार
---
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज विकास और आत्मनिर्भरता के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। वर्ष 2014 के पहले के भारत और उसके बाद के भारत में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। आज भारत का नवीन स्वरूप पूरी दुनिया के सामने उभरकर आया है। मध्यप्रदेश भी इसी विकास यात्रा में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित दो आधुनिक औद्योगिक इकाइयों के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज से प्रारंभ हुई नई औद्योगिक इकाइयां विकास और समृद्धि की नई धारा को आगे बढ़ाएंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 850 करोड़ रुपये निवेश की प्रताप ग्रुप की दो अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयों कॉर्सिस इंडस्ट्रीज एवं वोल्टर्स टेक्नोलॉजी का शुभारंभ किया। इन इकाइयों से सैकड़ों युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलें। कार्यक्रम में केन्द्रीय पर्यटन मंत्री श्री Gajendra Singh Shekhawat भी विशेष रूप से मौजूद थे।
विधायक श्रीमती नीना वर्मा, श्री निलेश भारती, प्रताप ग्रुप के चेयरमैन श्री देवेंद्र सिंह शेखावत, श्रीमती मानकुंवर, डॉ. जितेंद्र सिंह शेखावत, मैनेजिंग डायरेक्टर प्रताप ग्रुप श्री शक्ति सिंह, श्री मोहन शेखावत, श्री प्रपन्ना जी आदि भी मौजूद थे।
युवाओं को रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में आगे कहा कि आज से शुरू हुई दोनों इकाइयां उच्च तकनीक आधारित विनिर्माण एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को और मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सबसे बड़ी आवश्यकता है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और मध्यप्रदेश भी युवा शक्ति से समृद्ध प्रदेश है। ऐसे में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग करने के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ऑप्टिकल फाइबर और लिथियम बैटरी जैसी आधुनिक तकनीक से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम है। जर्मन तकनीक के सहयोग से स्थापित हो रही ये इकाइयां अंतर्राष्ट्रीय स्तर की तकनीक और उत्पादन क्षमता का केंद्र बनेंगी। इन उद्योगों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण भी मिलेगा और उन्हें रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
लगभग 30 हजार रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में युवाओं के प्रशिक्षण की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इन औद्योगिक गतिविधियों के माध्यम से लगभग 30 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की कल्पना की गई है और इसकी शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि निवेश के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ें, ताकि प्रदेश की आर्थिक समृद्धि को नई गति मिल सके।
हर क्षेत्र में उद्योगों को सरकार का सहयोग
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रही है। रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए सरकार द्वारा प्रति श्रमिक 5 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही बिजली, पानी, सड़क और अन्य आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब मध्यप्रदेश भी पीछे नहीं रहेगा। प्रदेश सरकार देश की विकास यात्रा में पूरी ताकत के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
औद्योगिक विकास से मध्यप्रदेश को मिल रही है नई पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बीते एक माह में दूसरी बार प्रदेश के पीथमपुर को नई औद्योगिक इकाइयों की सौगात मिलना सरकार के तेज गति से रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश का वातावरण लगातार बेहतर हो रहा है और नए उद्योगों की स्थापना से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए उद्योग समूह और इससे जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विस्तार के साथ मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का यह अवसर मध्यप्रदेश के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के शुभारंभ को प्रदेश में रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी संबंधितों को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और मध्यप्रदेश आर्थिक समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
भारत की बदलती औद्योगिक तस्वीर का प्रतीक हैं ये इकाइयां : केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पीथमपुर में बैटरी स्टोरेज प्लांट और ऑप्टिकल फाइबर केबल के बैकवर्ड इंटीग्रेशन के तहत कोर निर्माण इकाई का शुभारंभ मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों इकाइयों में लगभग 850 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि ये इकाइयां केवल दो कारखानों का उद्घाटन नहीं, बल्कि भारत के तेजी से बदलते औद्योगिक परिदृश्य और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रतीक हैं।
श्री शेखावत ने कहा कि बैटरी स्टोरेज प्लांट देश की बढ़ती ग्रीन एनर्जी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जबकि ऑप्टिकल फाइबर इकाई डिजिटल कनेक्टिविटी और संचार अधोसंरचना को मजबूती देगी। ऊर्जा भंडारण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और पीथमपुर की यह इकाई निर्बाध विद्युत आपूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत के विनिर्माण क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। भारत अब वैश्विक विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला में अपनी मजबूत भूमिका बना रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत ने बताया कि इस समूह के विभिन्न प्रयासों से लगभग 30 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रोजगार मिल रहा है। समूह द्वारा स्थापित कौशल विकास केंद्रों में वर्तमान में 2 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और आने वाले समय में लगभग 5 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्याप्त बिजली, जल, कच्चा माल, बेहतर सड़क एवं लॉजिस्टिक्स अधोसंरचना तथा निवेश अनुकूल नीतियों के कारण औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर और बेहतर एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक हैं।
श्री शेखावत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में निवेश प्रोत्साहन के लिए की जा रही पहल से बड़ी संख्या में निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीथमपुर की ये दोनों इकाइयां मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और डिजिटल अधोसंरचना को नई गति देंगी तथा विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका को और मजबूत करेंगी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रताप ग्रुप के श्री देवेंद्र सिंह शेखावत ने स्वागत भाषण दिया और औद्योगिक इकाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीथमपुर के Plot No. 98 पर Corsis Industries द्वारा अत्याधुनिक Optical Fibre Manufacturing Plant स्थापित किया गया है। लगभग 8,067 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित इस संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता 5.5 मिलियन फाइबर किलोमीटर है। इकाई से लगभग 300 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नये अवसर मिले है।
इस संयंत्र में निर्मित ऑप्टिकल फाइबर का उपयोग ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, 5G नेटवर्क, FTTH, डेटा सेंटर, स्मार्ट सिटी, रक्षा एवं अन्य रणनीतिक संचार अवसंरचना में किया जाएगा। यह परियोजना डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ Digital India, Make in India एवं Atmanirbhar Bharat के उद्देश्यों को गति प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने पीथमपुर में ही Voltters Technologies Pvt. Ltd. द्वारा लगभग 300 करोड़ रुपये के नियोजित निवेश से Battery Energy Storage Systems (BESS) एवं Lithium-ion Battery Solutions के निर्माण हेतु स्थापित अत्याधुनिक संयंत्र का भी शुभारंभ किया । लगभग 20,505 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित इस संयंत्र की उत्पादन क्षमता 3 GWh है तथा इससे लगभग 250 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
संयंत्र में Industry 4.0 आधारित स्वचालन एवं रोबोटिक असेंबली लाइन का उपयोग किया गया है। यह इकाई Renewable Energy Integration, Commercial एवं Industrial Applications तथा भारत के Clean Energy Transition को समर्थन प्रदान करेगी।
इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से पीथमपुर में कुल लगभग 850 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इनसे लगभग 550 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुआ है। दोनों इकाइयां उच्च तकनीक आधारित विनिर्माण एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को और मजबूत करेंगी। समूह द्वारा पीथमपुर में कुल 1,140 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्तावित निवेश किया जा रहा है।
Jansampark Madhya Pradesh
36 views | Dhar, Madhya Pradesh | Aug 20, 2026