आंगनबाड़ी केंद्र में महिलाओं को दिया घर के गीले कचरे से खाद बनाने का संदेश
नगर निगम की टीम ने महिलाओं को 4-बिन सेग्रीगेशन के लिए किया जागरूक
यमुनानगर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम की टीम ने बैंक कॉलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र में महिलाओं को होम कम्पोस्टिंग एवं 4-बिन सेग्रीगेशन के प्रति जागरूक किया। मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर चलाए गए अभियान का उद्देश्य महिलाओं को घर से ही कचरे का उचित प्रबंधन करने और स्रोत पर कचरा पृथक्करण की आदत अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को घरों से निकलने वाले गीले कचरे से जैविक खाद बनाने का संदेश दिया। स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ आकाश कुमार, पार्षद प्रतिनिधि अंकित कपिल व सहायक गगन बेनीवाल ने महिलाओं को बताया कि घरों से निकलने वाले गीले कचरे का उपयोग आसानी से जैविक खाद बनाने में किया जा सकता है।सब्जियों एवं फलों के छिलके, बचा हुआ भोजन तथा अन्य जैविक कचरे को अलग एकत्रित कर उचित तरीके से होम कम्पोस्टिंग करने से घर पर ही उपयोगी खाद तैयार की जा सकती है। इससे गीले कचरे की मात्रा कम होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने महिलाओं को 4-बिन सेग्रीगेशन की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कचरे को घर से ही अलग-अलग श्रेणियों में रखने की आदत विकसित करनी चाहिए। गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी वेस्ट, विशेष घरेलू हानिकारक धारदार व नुकीली वस्तुएं, कांच एवं इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट को निर्धारित अलग-अलग बिन में डालने से कचरे के निस्तारण और प्रसंस्करण की प्रक्रिया आसान होती है। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने की शुरुआत प्रत्येक घर से होती है। यदि नागरिक रोजमर्रा की जिंदगी में कचरे का सही प्रबंधन और स्वच्छता को आदत बना लें तो शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
फोटो कैप्शन - महिलाओं को कचरे से खाद बनाने के प्रति जागरूक करती विशेषज्ञ आकाश कुमार।