संत शिरोमणि रविदास समरसता संकल्प यात्रा खंडवा पहुँची
---
जनप्रतिनिधियों ने समरसता संकल्प यात्रा का स्वागत किया
---
संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में उनके जीवन-दर्शन तथा समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राज्य व्यापी समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिला एवं ग्राम स्तर पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में मंगलवार को भोपाल से रवाना हुई पावन कलश रथयात्रा गुरुवार को खंडवा जिला मुख्यालय पहुंची। खंडवा के जिला पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इस पावन कलश रथ यात्रा का स्वागत क्षेत्रीय सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने किया। इस अवसर पर खंडवा की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पिंकी सुदेश वानखेडे तथा जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर, यात्रा के संयोजक श्री सूरजपाल सिंह सोलंकी, सह संयोजक सुधांशु जैन, भरत पटेल और आनंद चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
सांसद श्री पाटिल ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि संत शिरोमणि रविदास का संदेश समाज में व्याप्त विषमता को समाप्त कर समरसता और भ्रातृभाव स्थापित करने का है। संपूर्ण समाज उनकी जयंती को अगाध श्रद्धा एवं समर्पण भाव से मना रहा है। उन्होंने कहा कि आज की महती आवश्यकता यह है कि उनके कालजयी विचारों को भावी पीढ़ियों के अंतर्मन तक संप्रेषित किया जाए।
विधायक श्रीमती कंचन तन्वे ने कहा कि कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का मूलमंत्र "सबका साथ, सबका विकास" संत रविदास के विचारों की ही प्रतिध्वनि है। समाज के अंतिम पायदान पर स्थित व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाकर उसे प्रथम पंक्ति में प्रतिष्ठापित करना ही संत रविदास के संकल्पों की वास्तविक सिद्धि है। पंधाना विधायक श्रीमती मोरे ने इस अवसर पर कहा कि संत रविदास की शिक्षाओं को आत्मसात करना हम सभी के लिए परम गौरव का विषय है। महापौर श्रीमती यादव ने अपने संबोधन में सागर में 102 करोड़ रुपये की लागत से संत रविदास के अलौकिक मंदिर एवं स्मारक का निर्माण करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार प्रकट किया। जिला भाजपा अध्यक्ष श्री तोमर ने इस अवसर पर कहा कि हमें संत रविदास के दर्शाए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता के ताने-बाने को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि यह कलश रथ यात्रा 20 अगस्त से 10 सितम्बर तक जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा करेगी। इस दौरान सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प तथा अन्य स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्थानीय संतों, गुरुओं, समाज के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Culture, Madhya Pradesh
#khandwa
19 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Aug 20, 2026