Public App Logo
पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एकजुट हुआ जर्नलिस्ट प्रेस क्लब #संतकबीरनगर/खलीलाबाद। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए रविवार को खलीलाबाद के एक निजी होटल में जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की बैठक हुई। इसमें जिलेभर से जुटे पत्रकारों ने उत्पीड़न, अभद्रता, मारपीट और कथित फर्जी मुकदमों के मामलों पर चिंता जताते हुए एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया। बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए जिला और तहसील इकाइयों के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई। शैलेंद्र मणि त्रिपाठी को संयोजक और बाबुल श्रीवास्तव को जिलाध्यक्ष बनाया गया। सदरे आलम खान और जितेंद्र पाठक को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रितेश उपाध्याय, विजय गुप्ता व हरिओम चौधरी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। मिथिलेश कुमार धुरिया को महामंत्री, विजय मिश्रा को संगठन सचिव, केदारनाथ दुबे को संयुक्त सचिव, अंशु सिंह को सचिव, कल्याण भट्ट को प्रवक्ता और कौशल किशोर को जिला उप सचिव बनाया गया। नवनीत श्रीवास्तव व संजय श्रीवास्तव को सचिव, विपिन राय को कोषाध्यक्ष, राजेश्वर को मीडिया प्रभारी तथा सतीश पांडे को संगठन ऑडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई। तहसील इकाइयों में सुनील श्रीवास्तव को मेहदावल तहसील अध्यक्ष, मोहन राजभर को खलीलाबाद तहसील अध्यक्ष, अनिल मौर्य को तहसील उपाध्यक्ष और गणेश चौरसिया को तहसील महासचिव बनाया गया। कांटे चौकी प्रकरण में एसपी को देंगे ज्ञापन बैठक में कांटे चौकी के पास पत्रकार के साथ कथित मारपीट और इसके बाद कोतवाली में कथित अभद्रता का मामला भी उठाया गया। पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। निर्णय लिया गया कि संगठन का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा। जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारी को भी पत्र दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष बाबुल श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय या उत्पीड़न होने पर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। पत्रकारों के हक और सम्मान की लड़ाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से लड़ी जाएगी। जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा। दिवंगत पत्रकारों को दी श्रद्धांजलि बैठक में वरिष्ठ पत्रकार जीएल वेदांती और गुलाम अली के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। पत्रकारों ने दोनों दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई। संगठन ने दोनों परिवारों को आर्थिक सहायता देने का भी निर्णय लिया। बैठक में पत्रकारों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ खड़ा होना नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना है। पत्रकारों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। #UttarPradesh #santkabirnagar #journalist - Khalilabad News