
अणुव्रत प्रेरणा एवं गीत महासंगान दिवस मनाया
छात्र-छात्राओं ने अणुव्रत गीत का किया सामूहिक गायन
पुर/भीलवाड़ा :रतन लाल आचार्य अणुव्रत विश्व भारती के तत्वावधान में अणुव्रत समिति पुर की ओर से जेम्स इंडिया पब्लिक स्कूल में अणुव्रत प्रेरणा एवं गीत महासंगान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तेरापंथ युवक परिषद के निवर्तमान मंत्री नरेंद्र सिंघवी ने की। समिति की ओर से उन्हें अणुव्रत पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा अणुव्रत गीत के सामूहिक गायन से हुई। समिति अध्यक्ष नंदलाल बैरवा ने कहा कि अणुव्रत आंदोलन व्यक्ति एवं राष्ट्र के नैतिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त करने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे नियमों और संकल्पों को अपने जीवन में अपनाकर व्यक्ति अणुव्रती बन सकता है तथा अणुव्रत जीवनशैली से परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
समिति मंत्री शिवकुमार बैरवा ने अणुव्रत के सिद्धांतों एवं जीवन में उनके महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर समिति की ओर से विद्यालय के विद्यार्थियों को ‘देश व अणुव्रत’ पुस्तिका भेंट की गई।
कार्यक्रम का संचालन मुरलीधर ने किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ से रुकमणी देवी, किरण आचार्य, कल्पना, आशा बैरवा एवं करिश्मा सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में संस्था प्रधान शांतीलाल धोलपुरिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।