
3 से 17 अक्टूबर तक होगा सोयाबीन फसल का पंजीयन,जिले में 73 सहकारी समितियां बनाई गईं पंजीयन केंद्र
---
विपणन वर्ष 2026-27 के तहत भावांतर योजना में सोयाबीन फसल के पंजीयन की प्रक्रिया 3 से 17 अक्टूबर तक चलेगी। जिले में किसानों की सुविधा के लिए कुल 73 सहकारी समितियों को पंजीयन केंद्र निर्धारित किया गया है। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को पंजीयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों का पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल पर निर्धारित अवधि में सभी केंद्रों पर केंद्र प्रभारी एवं ऑपरेटरों द्वारा किसानों का पंजीयन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि जिले में निर्धारित प्रमुख पंजीयन केंद्रों में सिहाड़ा, केहलारी, कालमुखी, सिंगोट, गुड़ीखेड़ा, छैगांवमाखन, धनगांव, बरुड, चिचगोहन, गांधवा , बड़गांवमाली, पिपलोद, पोखरकलां, जावर, खंडवा, खालवा, रोशनी, बोरगांव बुजुर्ग, मुंदी, बीड़, सुलगांव, रिछफल, मोहना, किल्लौद, छनेरा एवं न्यू हरसूद सहित अन्य सहकारी समितियां शामिल हैं।
इन माध्यमों से भी करा सकेंगे निःशुल्क पंजीयन
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि किसान निर्धारित सहकारी समितियों के अतिरिक्त अपने मोबाइल या कंप्यूटर से भी निःशुल्क पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत, जनपद एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों तथा एमपी किसान एप के माध्यम से भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), लोकसेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे के माध्यम से निर्धारित शुल्क का भुगतान कर पंजीयन कराया जा सकेगा। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सभी पंजीयन केंद्र प्रभारियों एवं ऑपरेटरों को निर्देश दिए हैं कि वे शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार 3 से 17 अक्टूबर तक पंजीयन कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराएं।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#khandwa