स्वर्गेश्वर धाम से मतंगेश्वर महादेव तक निकली दो दिवसीय भव्य कांवड़ यात्रा, जगह-जगह भव्य स्वागत, हजारो की संख्या मे शिवभक्त झूमते दिखे...
विधायक अरविंद पटेरिया के नेतृत्व में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से शिवमय हुआ राजनगर क्षेत्र।।
सावन माह के पावन अवसर पर राजनगर विधानसभा क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया के नेतृत्व में स्वर्गेश्वर धाम से विश्व प्रसिद्ध मतंगेश्वर महादेव मंदिर, खजुराहो तक दो दिवसीय भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन और शिवभक्त उत्साह के साथ शामिल हुए।
कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु पवित्र जल लेकर मतंगेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। इस दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं में भगवान भोलेनाथ के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।
यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ यात्रियों का फूल-मालाओं, तिलक एवं जलपान के साथ भव्य स्वागत किया गया।
सावन के पावन महीने में निकली इस धार्मिक यात्रा से पूरे राजनगर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कांवड़ यात्रियों ने भगवान मतंगेश्वर महादेव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और सभी के मंगल की कामना की।
विधायक बोले—भोलेनाथ को प्रसन्न करना हमारा धर्म
इस अवसर पर विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा हमारी सनातन परंपरा का हिस्सा है। भोलेनाथ को प्रसन्न करना और उनकी भक्ति करना हमारा धर्म है। सावन के पावन महीने में आयोजित यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में धार्मिक एकता, आस्था और भाईचारे का संदेश देती है।