
करनाल में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने नगर निगम के क्लर्क को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। क्लर्क गौरव ने प्रॉपर्टी ID में नाम ठीक करने के लिए 5 हजार रुपए की डिमांड की थी।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी। टीम ने ट्रैप बिछाकर शिकायकर्ता को पैसे देकर क्लर्क के पास भेज दिया। मंगलवार सुबह जैसे ही क्लर्क को रुपए दिए, टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया। उसके हाथों पर पाउडर भी लगा मिला है।
इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी को पहले नगर निगम ऑफिस ले जाया गया। यहां से उसे एसीबी कार्यालय लाए। अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि करनाल निवासी कुलदीप अपनी प्रॉपर्टी आईडी में हुई गलती ठीक कराने के लिए नगर निगम पहुंचे थे। आरोप है कि क्लर्क गौरव राणा ने काम ठीक करने के बदले उससे 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इसके बाद कुलदीप ने मामले की शिकायत एसीबी को कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। टीम ने रिश्वत के लिए दिए जाने वाले नोटों पर कैमिकल पाउडर लगाया और उनके नंबर नोट किए। इसके बाद कुलदीप को वही नोट देकर आरोपी के पास भेजा गया। गौरव राणा ने कुलदीप को रुपए देने के लिए करनाल के पुराने बस स्टैंड पर बुलाया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कुलदीप वहां पहुंचा और गौरव को 5 हजार रुपए दिए। रुपए लेते ही एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
#karnal #nagarnigamkarnal #RenuGupta The Kurukshetra