ज़ीरकपुर में पंजाब की पावन धरती पर 108 से अधिक महिलाओं द्वारा होगा विश्व की प्रथम डिजिटल महिला रामलीला का पाँचवाँ मंचन
ज़ीरकपुर, पंजाब।
भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘जड़ों से जुड़ो’ द्वारा महिलाओं द्वारा अभिनीत विश्व की प्रथम डिजिटल महिला रामलीला का पाँचवाँ भव्य मंचन किया जा रहा है।
यह आयोजन 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सायं 8:00 बजे से 11:00 बजे तक, पार्किंग ग्राउंड, चिनार होम्स, पीरमुच्छल्ला, ज़ीरकपुर, जिला मोहाली, पंजाब में होगा।
वर्ष 2022 से निरंतर आयोजित हो रही इस रामलीला में इस वर्ष 108 से अधिक महिलाएँ विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाएँगी। इसमें छह माह की नन्ही बेटी से लेकर 83 वर्ष की माता तक शामिल हैं। बालिकाओं, गृहिणियों, छात्राओं, शिक्षिकाओं, नौकरीपेशा महिलाओं, उद्यमियों, वकीलों, सीए, आईटी प्रोफेशनल्स, रियल एस्टेट से जुड़े लोगों तथा दादी-नानियों का यह अनूठा समूह रामायण का मंचन करेगा।
‘जड़ों से जुड़ो’ की संस्थापक एवं अध्यक्षा श्रीमती एकता नागपाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी संस्कृति और समाज से जोड़ते हुए नई पीढ़ी तक सनातन मूल्यों को पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि यह केवल रामलीला नहीं, बल्कि महिला शक्ति, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक चेतना का उत्सव है।
इस वर्ष मंचन में AI एवं आधुनिक डिजिटल तकनीक, भव्य प्रकाश, ध्वनि एवं डिजिटल प्रभावों का प्रयोग किया जाएगा। दिव्यांगजनों एवं एसिड अटैक सर्वाइवर्स एवं किन्नर समाज की सहभागिता भी आयोजन को विशेष बनाएगी।
रामलीला को डिजिटल एवं विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचाने की तैयारी है। पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी करोड़ों की तादाद में लोग इसे ऑनलाइन देखेंगे, जबकि आयोजन स्थल पर हजारों की संख्या में दर्शकों के पहुँचने की उम्मीद है।
आयोजन में वरिष्ठ राजनीतिक जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा पूजनीय संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति एवं आशीर्वाद भी प्राप्त होगा।
महिला सशक्तिकरण की इस पहल में पुरुषों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। रविंदर पंघाल जी, राजीव शर्मा जी, अनूप भट्ट जी, प्रमोद राणा जी, विकास बंसल जी, विशाल गर्ग जी,विकास नागपाल जी, दीपक जी सहित अनेक सहयोगी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
श्रीमती एकता नागपाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण महिलाओं और पुरुषों के बीच प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक प्रगति का माध्यम है। ‘जड़ों से जुड़ो’ की यह पहल संस्कृति, तकनीक और सामाजिक सहभागिता को एक मंच पर लाने का प्रयास है।
आयोजन विवरण
अवधि: 11–20 अक्टूबर 2026
समय: सायं 8:00–11:00 बजे
स्थान: पार्किंग ग्राउंड, चिनार होम्स, पीरमुच्छल्ला, ज़ीरकपुर, जिला मोहाली, पंजाब
विशेष आकर्षण: 108+ महिला कलाकार | AI एवं डिजिटल तकनीक | भव्य प्रकाश एवं ध्वनि | सामाजिक संदेश | दिव्यांग एवं एसिड अटैक सर्वाइवर्स की सहभागिता एवं किन्नर समाज की सहभागिता